क्रिसमस के पावन अवसर पर एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट (EMCT) की ओर से प्राथमिक विद्यालय, छोटी मिलक, बिसरख में वंचित बच्चों के साथ उल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन न केवल उत्सव का प्रतीक बना, बल्कि बच्चों के लिए प्रेम, अपनापन और उम्मीदों से भरा एक यादगार अनुभव भी रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांता क्लॉज़ की मौजूदगी रही। जैसे ही सांता क्लॉज़ विद्यालय परिसर में पहुंचे, बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चों ने उनके साथ खेल-कूद किया, हंसी-मजाक किया और अपने हाथों से बनाए गए शुभकामना पत्र व क्रिसमस कार्ड उन्हें भेंट किए। इस दौरान बच्चों ने सांता क्लॉज़ के सामने अपनी विश लिस्ट भी साझा की, जिसमें उनके मासूम सपने और छोटी-छोटी इच्छाएं झलकती नजर आईं। बच्चों के चेहरों पर उमंग और मुस्कान देखते ही बनती थी।

ईएमसीटी टीम द्वारा बच्चों को मिठाइयां, चॉकलेट और कुकीज़ वितरित की गईं। साथ ही बच्चों के लिए क्रिसमस कार्ड मेकिंग और सजावट से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाशक्ति से आकर्षक रचनाएं तैयार कीं।

इस अवसर पर ईएमसीटी की संस्थापक रश्मि पांडेय ने कहा कि बच्चों द्वारा साझा की गई विश लिस्ट संस्था के लिए एक जिम्मेदारी है। ईएमसीटी बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी, ताकि उनकी छोटी-छोटी खुशियां बड़े विश्वास में बदल सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही संस्था की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय, छोटी मिलक, बिसरख के प्रधानाचार्य इकरार अहमद, अध्यापिका सरोज मौर्य के साथ-साथ ईएमसीटी की सदस्य सरिता सिंह, गरिमा श्रीवास्तव और अमित गिरी भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन समाज के वंचित वर्ग के बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना का जीवंत उदाहरण बना, जहां क्रिसमस का संदेश—प्रेम, करुणा और साझा खुशी—सार्थक रूप में दिखाई दिया।





